Friday , January 23 2026

कर्मचारी हितों के विपरीत कोई कार्रवाई नहीं होने देंगे : ब्रजेश पाठक

-स्‍वास्‍थ्‍य भवन में मिनिस्‍ट्रीयल एसोसिएशन ने आयोजित किया सम्‍मान समारोह

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि ऐसी कोई कार्रवाई नहीं होने देंगे जो कर्मचारियों के हितों के विपरीत हो, विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी हमारे परिवार के सदस्य हैं हम सब मिलकर  प्रदेश के आमजन मानस तक चिकित्सा व्यवस्था  पहुंचाने की पूरी कोशिश करें, जो कमियां हो उसे बताये जिसे तत्काल दूर किया जाएगा।

उप मुख्‍यमंत्री ने यह बात बुधवार 11 मई को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण महानिदेशालय में मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन स्वास्थ्य भवन लखनऊ द्वारा उनके स्वागत समारोह के मौके पर कही। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष  संजय कुमार रावत द्वारा की गई। उपमुख्यमंत्री का माल्यार्पण  महामंत्री सर्वेश कुमार यादव तथा अन्य पदाधिकारियों द्वारा  किया गया एवं स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डा. वेद ब्रत सिंह, निदेशक प्रशासन राजा गणपति आर ,चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के प्रधान महासचिव अशोक कुमार, लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश रावत, स्टोनोग्राफर संघ के अरुण पांडे तथा महामंत्री राज्य कर्मचारी महासंघ सिंचाई विभाग द्वारिका प्रसाद पांडे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संजय कुमार रावत द्वारा अपनी मुख्य मांग “निदेशक प्रशासन द्वारा मुख्यालय एवं परिधगत लिपिक संवर्ग  की पृथक पृथक नियमावलियां 1994 को समाप्त कर एकीकरण की कार्यवाही की जा रही है” को न किये जाने का अनुरोध किया गया,जिस पर उप मुख्‍यमंत्री द्वारा कर्मचारी हितों के विपरीत कोई भी कार्य न किये जाने का आश्‍वासन दिया गया।