Wednesday , October 21 2026

औचक निरीक्षण कर अस्‍पतालों के पेंच कसने का डिप्‍टी सीएम का अभियान जारी

-ब्रजेश पाठक अब चुपचाप पहुंच गये वाराणसी के जिला अस्‍पताल

-मरीजों से लिया हाल, एक्‍सरे मशीन खराब मिलने पर लगायी फटकार

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ/वाराणसी। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक का प्रदेश के अस्‍पतालों की व्‍यवस्‍था का औचक जायजा लेकर खामियों को दूर करने के लिए अस्‍पताल प्रशासन के पेंच कसना जारी है। उपमुख्‍यमंत्री आज शनिवार को वाराणसी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय औचक निरीक्षण पर पहुंच गये। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र स्थित अस्‍पताल का औचक निरीक्षण करने ब्रजेश पाठक बिना सिक्योरिटी के प्राइवेट गाड़ी स्वयं ड्राइव कर पहुंचे।

सबसे पहले मास्क लगाकर अकेले ही अस्पताल परिसर में पहुंचे और जहां पर पर्चा बन रहे थे लाइन में लगकर पर्चा बनवाया। इसके बाद अस्पताल परिसर के ओपीडी में बैठे मरीजों से एक-एक कर बात की और उनसे उनका हाल जाना और पूछा कि किसी तरह की दिक्कत तो नहीं है।

उप मुख्‍यमंत्री इसके बाद एक्सरे डिपार्टमेंट में पहुंचे तो उन्‍हें एक्स रे मशीन बंद मिली, इस पर अस्‍पताल के चिकित्‍सक, अधीक्षक और सीएमओ को फटकार लगाते हुए कहा कि मशीन आज शाम तक चालू हो जानी चाहिये।

श्री पाठक ने कहा कि मरीज हमारे भगवान हैं उनको भगवान समझ कर उनकी सेवा कीजिये, उसके बाद उन्‍होंने हॉस्पिटल परिसर में स्टाफ़ रजिस्टर को चेक किया जिसमें कुछ लोग अनुपस्थित मिले। उन्‍होंने इस मामले में डीजी हेल्थ को फोन करके कहा, इसकी रिपोर्ट बनाकर आज शाम तक हर हालत में हमें डिस्पैच करें। उन्‍होंने कहा कि किसी भी हालत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्‍होंने कहा कि सभी लोग यह सुनिश्चित कर लें कि प्रदेश के अंदर जितने भी हॉस्पिटल हैं उन में आने वाले मरीजों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। मरीजों, तीमारदारों को पानी, चिकित्सा की सभी तरह की फैसिलिटी बेहतर तरह से मिलना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि हम सबको मिलकर स्वच्छ प्रदेश और स्वस्थ प्रदेश बनाना है।