तीन बार के अध्यक्ष रहे डॉ अशोक यादव पराजित, डॉ अमित सिंह फिर से बने महामंत्री, सम्पादक बले डॉ आशुतोष
कुल 24 पदों पर चुने गये पदाधिकारियों ने ली शपथ, बधाइयों का तांता

लखनऊ। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ उत्तर प्रदेश के द्विवार्षिक चुनाव के परिणाम आज घोषित कर दिये गये। गहमागहमी भरे इस चुनाव में डॉ सचिन वैश्य को अध्यक्ष चुना गया है उन्होंने तीन बार के अध्यक्ष रहे डॉ अशोक यादव को 708 वोटों से पराजित कर एक बड़ी विजय हासिल की है। हालांकि डॉ अशोक यादव ने चुनाव में अनियमितता का आरोप लगाया है, लेकिन चुनाव अधिकारी ने आरोपों को खारिज कर दिया। चुनाव के लिए बीती 17 जून को प्रदेश के सभी जिलों में मतदान हुआ था।
बलरामपुर अस्पताल प्रांगण में आज मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी डॉ जावेद अहमद खान ने नतीजों की घोषणा की। इसके बाद नये चुने गये सभी पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण करायी गयी। इस चुनाव में कुल 24 प्रत्याशी चुने गए हैं इनमें अध्यक्ष डॉक्टर सचिन वैश्य के अलावा उपाध्यक्ष मुख्यालय पद पर डॉ विकासेन्दु अग्रवाल ने 2501 मतों के अंतर से, उपाध्यक्ष महिला सामान्य पद पर डॉ दीपा त्यागी 2501 मतों के अंतर से डॉ भावतोष शंखधर 1085 मतों के अंतर से, डॉ विनय सिंह यादव 410 मतों के अंतर से, डॉ महेंद्र सिंह 627 मतों के अंतर से विजय हुए हैं। इसके अतिरिक्त महासचिव पद पर डॉ अमित सिंह दोबारा विजई हुए हैं उन्होंने 3078 मतों के अंतर से विजय हासिल की है। संपादक पद पर डॉ आशुतोष कुमार दुबे 863 मतों के अंतर से, अतिरिक्त महासचिव पद पर डॉ अनिल कुमार त्रिपाठी 544 मतों के अंतर से तथा वित्त सचिव के पद पर डॉ मोहित सिंह ने 97 मतों के अंतर से जीत अपने नाम की।

परिणाम की घोषणा होने के बाद से विजय प्रत्याशियों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष डॉ पी के गुप्ता, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के सुनील यादव, अयोध्या स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ विजय कुमार, डीपीए कोषाध्यक्ष रजत यादव, आईएमए लखनऊ के सचिव डॉ जेडी रावत, उपाध्यक्ष राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ज्ञान चतुर्वेदी समेत अनेक संगठनों और पदाधिकारियों की ओर से सभी विजय प्रत्याशियों को बधाई दी गई है।
 
 

 Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times
Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times
 
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
