Monday , August 26 2024

केजीएमयू में 16 वर्षों बाद 46 कर्मचारियों को मिली प्रोन्नति

-25 कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और 21 सहायक प्रशासनिक अधिकारी पदों पर हुई है प्रोन्नति

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय केजीएमयू में 46 कर्मचारियों को 16 साल बाद प्रोन्नति मिली है। प्रोन्नति का पत्र शनिवार 24 अगस्त को कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने स्वयं कर्मचारियों को सौंपा।

केजीएमयू के मीडिया सेल से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि केजीएमयू में पिछले 16 वर्षों से कर्मचारियों की प्रोन्नति नहीं हो पा रही थी वर्तमान कुलपति ने 1 वर्ष पूर्व कार्यभार ग्रहण करने पर कर्मचारियों की प्रोन्नति के मसले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पिछले दो महीने में कई कर्मचारियों को प्रोन्नति प्रदान की है, इसी कड़ी में शनिवार को भी 46 कर्मचारी को प्रोन्नति मिली है।

विज्ञप्ति के अनुसार जिन कर्मचारियों को प्रोन्नत किया गया है उनमें 25 कर्मचारियों को वरिष्ठ प्रशासनिक सहायक से कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद पर तथा 21 कर्मचारियों को कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद से सहायक प्रशासनिक अधिकारी के पद पर प्रोन्नत किया गया है। इस मौके पर कुलपति ने सभी कर्मचारियों को और अधिक मन लगाकर कार्य करने का अनुरोध किया। इस मौके पर कुल सचिव अर्चना गहरवार व शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर केके सिंह भी उपस्थित रहे। प्रोफेसर सिंह ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों की तरफ से लंबित प्रोन्नति प्रदान करने पर कुलपति को धन्यवाद दिया। कर्मचारियों ने भी कुलपति व शासन के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit is exhausted. Please reload the CAPTCHA.