Sunday , October 25 2026

फंगस लगी मिठाई खाने से मदरसे के 18 छात्र बीमार

मोहनलालगंज स्थित मदरसे में स्वतंत्रता दिवस पर बांटी गयी थी मिठाई

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस पर मदरसे में आयोजित कार्यक्रम में दूषित मिठाई खाने से डेढ़ दर्जन बच्चे बीमार हो गये। उपचार के बाद सभी बच्चों की हालत ठीक बतायी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार मोहनलाल गंज के मऊ मदरसे आज स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। बताया जाता है कि कार्यक्रम के बाद मिठाई का वितरण किया गया था जब मिठाई का वितरण हो रहा था तभी किसी की नजऱ पड़ी तो देखा कि मिठाई में फंगस नजऱ आ रहा था तो वितरण रोका गया लेकिन तब तक कुछ बच्चे मिठाई खा चुके थे। मिठाई खाने से 18 बच्चों को जी मिचलाने और उल्टी आने की शिकायत हुई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जीएस बाजपेई के अनुसार बच्चों को मोहनलाल गंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, जहां चार बच्चों को भर्ती कर उन्हेंं आईवी फ्ल्यूड चढ़ाया गया है जबकि बाकी बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जिन बच्चों को भर्ती किया गया है उनमें मो शफीक पुत्र मो. नफीस 17 साल, मो. नदीम पुत्र मौलाना सलीम, मो.अनस पुत्र इसरार तथा मो. अफजल पुत्र सरताज रसूल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मोहनलाल गंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी टीम भेजकर मामले में जरूरी कदम उठायें।

इस बारे में एसडीएम मोहनलालगंज संतोष कुमार ने बताया कि घटना के बाद मदरसे के पास स्थित क्वालिटी स्वीट्स, जिसके यहां से मिठाई आयी थी, से मिठाई के नमूने लिये हैं। मिठाई के नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है।