Friday , April 26 2024

प्रधानाचार्य की हत्या से शिक्षकों में शोक की लहर

हमलावरों की तत्‍काल गिरफ्तारी की मांग उठायी उप्रमाशिसं ने

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश माध्‍यमिक शिक्षक संघ प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित कार्यरत प्रधानाचार्य डा॰ सुरेश प्रसाद सिंह यादव की सोनभद्र में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। जिससे समूचे प्रदेश के शिक्षक समुदाय में अत्यंत शोक व्याप्त है।

 

संगठन की ओर से लखनऊ जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में एक शोक सभा की गई। जिसमें दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 

श्री मिश्रा ने शोक प्रस्ताव पढ़ा और बताया कि शोक सभा में मौजूद जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं शिक्षक शिक्षिकाओं ने अपने प्रिय साथी की हत्या पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए राज्य सरकार से मांग की कि तत्काल हमलावरों की गिरफ्तारी की जाए। अन्यथा संगठन बड़े आन्दोलन के लिए बाध्य होगा, जिसका सम्पूर्ण उत्तरदायित्व राज्य सरकार का होगा।

 

शोक सभा में मुख्य रूप से मण्डलीय मंत्री सुशील कुमार पाण्डेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निर्मल कुमार श्रीवास्तव, जिलामंत्री राजकुमार गौतम, अभिषेक श्रीवास्तव, बृजेश शर्मा, रविप्रकाश राय, सुधीर कुमार राय, सुधा गुप्ता, सरोज त्रिपाठी, मनोज श्रीवास्तव, तेज नारायण पाण्डेय व जनपद लखनऊ के समस्त पदाधिकारियों समेत सैकड़ों की संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।