Friday , April 19 2024

मुलायम की तबीयत फि‍र बिगड़ी, गुरुग्राम के निजी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया

डॉ नरेश त्रेहन के इलाज में हैं भर्ती, चार्टर्ड प्‍लेन से लाया गया लखनऊ से

 

लखनऊ। लोहिया संस्‍थान से घर लौटे समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को 24 घंटे भी नहीं हुए थे कि एक बार फि‍र अस्‍पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इस बार उन्‍हें गुरुग्राम स्थि‍त मेदान्‍ता अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है, उन्‍हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। वह हाई शुगर और कार्डियो की समस्या से पीड़ित हैं। उन्हें प्राइवेट चार्टेड विमान से दिल्ली लाया गया।

 

मुलायम सिंह यादव को एहतियातन मेदांता में भर्ती कराया गया है. सूत्रों के मुताबिक, उनका इलाज कर रहे डॉक्टर त्रेहन ने मुलायम सिंह को सलाह दी है कि वह फिट होने तक मेदांता में एडमिट रहें। इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुलायम सिंह यादव से उनके आवास पर भेंट करने पहुंचे थे। इस दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव और प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव भी मौजूद थे।

 

मुख्यमंत्री ने मुलायम, शिवपाल और अखिलेश के साथ बातचीत की और जलपान किया। योगी ने मुलायम को गुलाब का फूल और एक किताब भी भेंट की। पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह की तबीयत रविवार की शाम को खराब हो गई थी। उन्हें लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। इसके बाद जांच होने और रिपोर्ट ठीक आने के बाद देररात दो बजे अस्‍पताल से छुट्टी भी दे दी गयी थी। लेकिन सोमवार जब फिर तबीयत बिगड़ी तो उन्हें प्राइवेट विमान से दिल्ली लाया गया।