-27 सितम्बर को भारतीय मजदूर संघ की रैली में भाग लेने की तैयारी

सेहत टाइम्स
लखनऊ। संयुक्त एनएचएम कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश रजि0 ने प्रदेश के 75 जनपदों से ज़िलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को अपना ज्ञापन सौंपा है। ज्ञात हो सभी एनएचएम कर्मी आगामी 27 सितम्बर को भारतीय मज़दूर संघ की प्रदेश स्तरीय रैली में प्रतिभाग करने जा रहे हैं।
यह जानकारी देते हुए संयुक्त एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री योगेश उपाध्याय ने बताया कि आज पूर्व प्रस्तावित ज्ञापन कार्यक्रम में प्रदेश के 75 जनपदों में भारी संख्या में कर्मचारियों ने जनपद अध्यक्ष के नेतृत्व में 11 सूत्रीय ज्ञापन ज़िलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित किया। जिसमें नियमितीकरण, समान कार्य का समान वेतन, बीमा, वेतन विसंगति, स्थानांतरण तथा कोविड कर्मचारियों एवं आयुष्मान भारत में कार्यरत आरोग्यमित्र का एनएचएम में समायोजन इत्यादि प्रमुख हैं। प्रदेश संयोजिका सुनैना अरोड़ा के नेतृत्व में गाज़ियाबाद में ज्ञापन कार्यक्रम हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल गुप्ता ने कहा कि सरकार यदि अभी समस्याओं का संज्ञान नही लेती है तो 27 सितम्बर को भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले हो रही प्रदेश स्तरीय रैली में हज़ारों की संख्या में कर्मचारी प्रतिभाग करेंगें।
प्रदेश प्रमुख उपाध्यक्ष अम्मार जाफ़री ने प्रदेश के समस्त जनपदों के कर्मचारी एवं संयोजक अध्यक्ष, महामंत्री को ज्ञापन कार्यक्रम सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। ज्ञापन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सचिव प्रवीण यादव, जनपद लखनऊ के अध्यक्ष डॉ अभयानंद यादव, महिला संगठन मंत्री संगीता, सचिन यादव आदि उपस्थित थे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times