Thursday , March 12 2026

घर में निष्प्रयोज्य पड़े चिकित्सा उपकरणों से करें जरूरतमंदों की मदद

-लखनऊ में मेडिकल बैंक शाखा का शुभारंभ

सेहत टाइम्स

लखनऊ। मानव सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मेडिकल बैंक की लखनऊ शाखा का भव्य उद्घाटन संस्थापक डॉ. बिंदु सिंह, संरक्षकों एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में लखनऊ के शिरोज़ हैंगआउट में विधिवत संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास अवध प्रांत के संयोजक प्रमिल द्विवेदी ने कहा कि यह पहल उन जरूरतमंद मरीजों के लिए संजीवनी सिद्ध होगी, जिन्हें महंगे चिकित्सा उपकरणों की आवश्यकता होती है, परंतु संसाधनों के अभाव में वे उन्हें प्राप्त नहीं कर पाते।

इस अवसर पर ए2जेड ब्रांड कम्युनिकेशन ग्रुप के अखिल खरे एवं निशा अग्रवाल तथा ऑल इंडिया वुमन डेवलपमेंट सोसाइटी की अध्यक्ष एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास कानपुर की संयोजिका डॉ. बिंदु सिंह ने बताया कि मेडिकल बैंक आज समय की अत्यंत आवश्यक पहल है। अनेक घरों में व्हीलचेयर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, वॉकर, हॉस्पिटल बेड जैसे महंगे उपकरण उपयोग के बाद निष्क्रिय पड़े रहते हैं। मेडिकल बैंक ऐसे उपकरणों को संग्रहित कर पूरी तरह निःशुल्क जरूरतमंदों तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

लखनऊ में इस अभियान को सशक्त बनाने का दायित्व फिटनेस एक्टिविस्ट सुजाता पॉल, प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रूबी राज सिन्हा, SGPGI की हेल्थ प्रोफेशनल एवं मिसेज यूनिवर्स नीमा पंत, मेकअप आर्टिस्ट प्राची श्रीवास्तव, टीम शेरोज़ हैंगआउट के नितिन एवं प्रमोद ने संभाला है।

कार्यक्रम में संरक्षक इंजीनियर एस. के. कमल के साथ समाज, शिक्षा, कला एवं मीडिया जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें शिव संस्कृति कला फाउंडेशन की मीठू रॉय एवं असीम रॉय, डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह (रीजनल निदेशक, इग्नू), डॉ. शैली महाजन (डॉ राम मनोहर लोहिया संस्थान), फीमेल बैंड मेरी ज़िन्दगी की टीम, लुलु मॉल की मार्केटिंग प्रमुख प्रीति, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास अवध प्रांत के संयोजक प्रमिल द्विवेदी, आकाशवाणी की उद्घोषक कस्तूरी सिंह, टीम रेड ब्रिगेड, अमन जावेद फारुकी, संस्थापक सौरभ त्रिवेदी, अभय त्रिवेदी, ज्योतिष विशेषज्ञ अर्चना त्रिपाठी, पूनम मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

मेडिकल बैंक परिवार सभी अतिथियों एवं समर्थकों के प्रति हार्दिक आभार जताते हुए कहा कि हम उन सभी नागरिकों से आग्रह करते हैं जिनके घरों में चिकित्सा उपकरण अनुपयोगी पड़े हैं, वे मानवता की इस सेवा में सहभागी बनें और उन्हें दान कर किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा का संचार करें। उन्होंने बताया दान के लिए  9839172462, 9161293833, 7618841321 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।