Saturday , April 27 2024

गाजे-बाजे के साथ निकाली गयी भगवान श्रीराम की भव्‍य शोभायात्रा

-इंदिरा नगर में निकली शोभा यात्रा में नृत्‍य करते बजरंगी रहे आकर्षण का केंद्र

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ। रामनवमी  के अवसर पर  प्रत्येक वर्ष की भांति श्रीराम जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में इंदिरा नगर ए ब्लॉक, निकट कन्वेंशन सेंटर से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकली। हाथी, घोड़े, ऊंट के साथ विभिन्‍न देवी-देवताओं की सजीव झांकियों से सजी शोभायात्रा का जगह-जगह स्‍वागत हुआ।

श्रीराम जन्मोत्सव समिति के संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता एवं श्रीराम जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष तथा आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री शशिकांत शर्मा, समिति के महामंत्री संजीव गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभा यात्रा लेखराज मार्केट, फैजाबाद रोड, मारुति पुरम, भूतनाथ मार्केट, शालीमार चौराहा, मीना मार्केट होते हुए अपने उद्गम स्थल पर संपन्न हुई।

श्रीराम जन्मोत्सव समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कवीन्द्र  मल्होत्रा एवं दीपक श्रीखंडे ने बताया कि इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन हुआ तथा जगह-जगह पर व्यापारियों, आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं नागरिकों तथा भक्तों द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया। उन्‍होंने बताया‍ कि शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की सजीव झांकियां भी शामिल हुईं, कई बैंड भी शोभायात्रा में शामिल हुए तथा प्रयागराज के भक्त जितेंद्र बजरंगी हनुमान वेश धारण कर राम धुन पर नृत्य करते पूरे मार्ग में शोभायात्रा के आकर्षण का केंद्र बिंदु बने रहे।  शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं बच्चे व बुजुर्ग, पुरुष शामिल हुए तथा रास्ते भर राम धुन पर तालियां बजाकर झूमते हुए भक्तिमय वातावरण में नृत्य करते रहे। हाथी, घोड़े, ऊंट भी शोभा यात्रा में शामिल हुए समिति के पदाधिकारियों ने बताया पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा,  पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह,  आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता सहित कई सभासद एवं भक्त गणों ने भगवान की पूजा अर्चना की तथा आरती उतारी तथा शोभायात्रा में शामिल हुए।

ओम शिवशक्ति पीठ शनिदेव मंदिर पर हुआ स्‍वागत

इसी क्रम में ओम शिवशक्ति पीठ शनिदेव मंदिर निकट लेखराज मेट्रो स्टेशन ए ब्लॉक इंदिरा नगर में भक्तों ने  जय श्रीराम के जयघोष के साथ श्रीराम शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। प्रसाद में खीरा, ककड़ी, पेठा, लस्सी आदि का वितरण किया गया। सामूहिक रूप से मानव कल्याण के लिए हनुमान चालीसा पाठ व विशेष प्रार्थना की गई। स्वागत करने वालों में महंत सत्य प्रकाश मिश्रा, निवर्तमान पार्षद दिलीप श्रीवास्तव, निश्चिंत शुक्ला, पंडित अभय मिश्रा, एडवोकेट संतोष पांडे आदि भक्तगण उपस्थित रहे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit is exhausted. Please reload the CAPTCHA.