Friday , March 29 2024

राम-कृष्‍ण की पावन भूमि पर आकर गौरवान्वित महसूस कर रही हूं : डॉ पुरंदेश्‍वरी

-पार्टी की मजबूत नींव डालने वालों को याद कर कहा, विश्‍व की सबसे बड़ी पार्टी है भाजपा

-भाजपा के प्रबुद्ध जन सम्‍मेलन में मुख्‍य अतिथि के रूप में शामिल हुईं पार्टी की राष्‍ट्रीय महामंत्री डॉ पुरंदेश्‍वरी

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की राष्‍ट्रीय महामंत्री डॉ डी पुरंदेश्‍वरी ने लखनऊ में पार्टी द्वारा आयोजित प्रबुद्ध जन सम्‍मेलन में भाग लेते हुए कहा कि भगवान राम, भगवान कृष्‍ण की धरती पर आकर मैं अपने को बहुत गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। उन्‍होंने कहा हमें गर्व है कि  विश्‍व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा दूसरे राजनीतिक दलों से अलग है, क्‍योंकि हमारा उद्देश्‍य राज करना नहीं बल्कि जनता की सेवा करना है।

सोमवार को यहां सहकारिता भवन में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्‍मेलन में मुख्‍य अतिथि के रूप में डॉ डी पुरंदेश्‍वरी ने भारतीय जनता पार्टी को बढ़ाकर आज इस मुकाम तक पहुंचाने वालों को याद करते हुए कहा कि इसके पीछे बहुत से लोगों ने बलिदान दिया है। उनकी नींव पर ही भाजपा आज खड़ी हुई है। उन्‍होंने कहा कि 18 करोड़ कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा आज विश्‍व की सबसे बड़ी पार्टी है, यही नहीं हमारी पार्टी दूसरे राजनीतिक दलों से अलग है क्‍योंकि सारी पार्टी सत्‍ता प्राप्‍त कर राज करना चाहती हैं जबकि भाजपा सत्‍ता प्राप्‍त कर सेवा करती है। इसका उदाहरण कोरोना काल में देखा गया जब सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं ने घरों से बाहर निकल कर लोगों की सेवा की, उनके लिए खाना तैयार किया, खाना पहुंचाया।

उन्‍होंने कहा कि आपको याद होगा जब प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पहली बार जीत कर संसद पहुंचे थे तो उन्‍होंने संसद की देहरी को दंडवत कर प्रणाम किया था। उन्‍होंने कहा था कि मैं प्रधानमंत्री नहीं प्रधान सेवक हूं, ऐसी बात दूसरा भला कोई कहां कह सकता है। उन्‍होंने कहा कि पार्टी की सेवा भावना से खुश भारत की जनता का भाजपा के प्रति प्‍यार ही है कि उसने लोकसभा चुनाव में दूसरी बार 2019 में पहले से ज्‍यादा सीटें देकर सत्‍ता सौंपी।

इससे पूर्व भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष भूपेन्‍द्र सिंह चौधरी ने डॉ पुरंदेश्‍वरी का स्‍वागत करते हुए कहा कि उत्‍तर प्रदेश एक बड़ा राज्‍य है, यहां की महान जनता ने 2014, 2017, 2019 और 2022 में लगातार भाजपा को विजयी बनाकर प्रधानमंत्री के नेतृत्‍व को बड़ा समर्थन दिया है। सरकार ने भी अपने घोषणा पत्र में किये वादे पूरे करने में कसर नहीं छोड़ी है। उन्‍होंने कहा कि मुझे पूरा विश्‍वास है कि राष्‍ट्रीय महामंत्री डॉ पुरंदेश्‍वरी का उत्‍तर प्रदेश का दौरा हमारे लिए बहुत उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम के अंत में धन्‍यवाद प्रस्‍ताव भाजपा महानगर के अध्‍यक्ष विधान परिषद सदस्‍य मुकेश शर्मा ने रखा। उन्‍होंने राष्‍ट्रीय महामंत्री का आभार जताते हुए सभी अतिथियों का धन्‍यवाद अदा किया। कार्यक्रम में महापौर संयुक्‍ता भाटिया, नगर महामंत्री पुष्‍कर शुक्‍ला, गोविंद नारायण के साथ ही चिकित्सा प्रकोष्ठ भाजपा लखनऊ महानगर से चिकित्सकगणों ने उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाने में योगदान दिया। चिकित्‍सा प्रकोष्‍ठ भाजपा लखनऊ अध्‍यक्ष डॉ शाश्‍वत विद्याधर के नेतृत्‍व में चिकित्‍सा प्रकोष्‍ठ भाजपा लखनऊ महानगर के जो सदस्‍य उपस्थित रहे उनमें डॉ धीरेंद्र अवस्थी(पूर्वी विधान सभा प्रभारी), डॉ शाश्वत सक्सेना (नगर कार्यकारिणी सदस्य), डॉ यतेंद्र सिंह (पश्चिम मंडल संयोजक), डॉ मोहम्मद इरशाद (पश्चिम विधान सभा प्रभारी), डॉ प्रज्ञा खन्ना (नगर कार्यकारिणी सदस्य), डॉ गुलशन जहां (पश्चिम मंडल संयोजक), डॉ राहुल कुमार (उत्तर मंडल सदस्य), डीआरअक्स रवि सिंह (पश्चिम मंडल संयोजक), डीआरअक्स मनीष त्रिपाठी (कैंट मंडल सदस्य), डीआरअक्स राहुल कुमार वर्मा (सरोजिनी नगर दक्षिण मंडल सदस्य), रवि प्रकाश (पश्चिम मंडल संयोजक), अजिताभ अस्थाना (पश्चिम मंडल सदस्य), संदीप सिंह(पश्चिम मंडल सदस्य), विवेक यादव(पश्चिम मंडल सदस्य) आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit is exhausted. Please reload the CAPTCHA.