Thursday , September 3 2026

केजीएमयू के जनरल सर्जरी विभाग ने रोबोटिक सर्जरी में बनाया कीर्तिमान

-100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक करने वाला पहला जनरल सर्जरी विभाग

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ के जनरल सर्जरी विभाग ने आज एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली हैं। विभागाध्यक्ष
प्रो. अभिनव अरुण सोनकर ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूरे विभागीय दल को बधाई दी। विभाग को गत वर्ष POWERGRID के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) सहयोग से स्वदेशी रूप से विकसित “मेड इन इंडिया” SSI Mantra रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम प्राप्त हुआ था।

प्रो. सोनकर ने केजीएमयू में रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम को निरंतर प्रोत्साहन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए कुलपति के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने POWERGRID के बहुमूल्य सहयोग की भी सराहना की, जिसके माध्यम से विभाग में रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की स्थापना एवं विस्तार संभव हो सका। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि केजीएमयू का जनरल सर्जरी विभाग किसी भी सरकारी चिकित्सा संस्थान का पहला जनरल सर्जरी विभाग है, जिसने SSI Mantra रोबोटिक प्लेटफॉर्म पर 100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी पूर्ण करने की उपलब्धि हासिल की है।

प्रो. सोनकर ने विभाग के उन सभी कंसल्टेंट सर्जनों के समर्पण, प्रशिक्षण और टीमवर्क की विशेष प्रशंसा की, जो रोबोटिक सर्जरी में प्रशिक्षित हैं और नियमित रूप से रोबोटिक प्रक्रियाएं कर रहे हैं। इनमें प्रो. एच.एस. पाहवा, प्रो. अवनीश कुमार, डॉ. अक्षय आनंद, डॉ. अजय के. पाल एवं प्रो. फ़राज़ अहमद शामिल हैं।

उन्होेंने कहा कि यह उपलब्धि विभाग की उन्नत सर्जिकल तकनीक, स्वदेशी नवाचार, उच्च गुणवत्ता वाली रोगी सेवा तथा उत्कृष्ट सर्जिकल प्रशिक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के साथ ही सरकारी स्वास्थ्य क्षेत्र में रोबोटिक सर्जरी के एक अग्रणी केंद्र के रूप में केजीएमयू की प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ करती है।