Monday , August 24 2026

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान

-22 वर्षों बाद लखनऊ में सम्पन्न हुई आईएमए यूपी की राज्य कार्यसमिति की बैठक

-स्टेट लेवल रीफ्रेशर कोर्स व सीएमई में नवीन चिकित्सा ज्ञान किया गया साझा

सेहत टाइम्स

लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), उत्तर प्रदेश राज्य की तृतीय राज्य कार्य समिति (SWC) की बैठक 2026 का आयोजन आज 23 अगस्त 2026 को यहां लखनऊ स्थित आमोद रिसोर्ट में किया गया, बैठक की मेजबानी आईएमए लखनऊ शाखा ने की। लगभग 22 वर्षों के अंतराल के बाद आईएमए शाखा लखनऊ को राज्य कर्यसमिति की बैठक की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ, जिससे यह आयोजन लखनऊ के चिकित्सा समुदाय के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा।

बैठक में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए IMA के प्रदेश पदाधिकारियों, State Working Committee के सदस्यों, विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ चिकित्सकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान चिकित्सकों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, संगठन की गतिविधियों, स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों की सुरक्षा एवं पेशेवर हितों सहित अनेक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में आईएमए यूपी स्टेट पैटरन एवं आईएमए के पूर्व नेशनल प्रेसीडेंट डॉ शरद कुमार अग्रवाल ने संगठन की गतिविधियों और चिकित्सा जगत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने, चिकित्सकों तथा समाज के बीच विश्वास को मजबूत करने और सरकार के साथ सकारात्मक संवाद के माध्यम से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों के समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।

इसके बाद State Working Committee ने पिछली बैठक के बाद IMA UP State द्वारा किए गए कार्यों एवं लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही आने वाले महीनों की कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों तथा चिकित्सकों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

योगी आदित्यनाथ से मिला प्रतिनिधिमंडल

बैठक के दौरान डॉ शरद कुमार अग्रवाल एवं आईएमए यूपी के प्रेसीडेंट डॉ राजीव गोयल ने बताया कि 22 अगस्त को आईएमए IMA के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात अत्यंत सकारात्मक रही। IMA द्वारा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों और समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा गया तथा उन पर सकारात्मक चर्चा हुई।

IMA पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार और चिकित्सा समुदाय के बीच संवाद लगातार मजबूत हुआ है। चिकित्सकों से संबंधित समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने पर मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें गंभीरता से सुना जाता है तथा उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाती है। IMA ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार के साथ निरंतर रचनात्मक सहयोग एवं संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।