Thursday , August 13 2026

केएसएसएससीआई में मनाया गया राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस

-डॉ एसआर रंगनाथन की जयंती पर मनाया जाता है नेशनल लाइब्रेरियन डे

सेहत टाइम्स

लखनऊ। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में आज “राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस” (12 अगस्त) के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत में पुस्तकालय विज्ञान के जनक एवं पद्मश्री डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, डीन एवं प्रभारी, केंद्रीय पुस्तकालय द्वारा स्वागत संबोधन के साथ हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन, कुलपति, अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ रहे।

इस अवसर पर प्रो.डॉ.पी.पी. रावत, पूर्व चीफ एवं प्रमुख, केंद्रीय पुस्तकालय, SGPGIMS द्वारा पद्मश्री डॉ. एस.आर.रंगनाथन के विषय मे जानकारी दी गई एवं सभी अतिथियों द्वारा Journal of Library and Information Communication Technology के वॉल्यूम 15, अंक 1 का विमोचन किया गया।

मुख्य अतिथि मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन ने अपने संबोधन में चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं ज्ञान के प्रसार में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने विशेष रूप से विश्वविद्यालय में शुरू की गई ई-लाइब्रेरी का उल्लेख करते हुए बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय की ई-लाइब्रेरी अब प्रारंभ हो चुकी है और इसे सभी संबंधित उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।

निदेशक, प्रो.एम.एल.बी.भट्ट द्वारा संस्थान के पुस्तकालय की भूमिका, चिकित्सकों, नर्सिंग एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों तथा शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में केंद्रीय पुस्तकालय के योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के अंत में अजीज हसन, लाइब्रेरियन-II, केंद्रीय पुस्तकालय द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस मौके पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, कुलसचिव डॉ आयुष लोहिया सहित संस्थान के संकाय सदस्य, रेजिडेंट, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।