-सदस्य के रूप में देश भर से चुने गये हैं सिर्फ दो रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ

सेहत टाइम्स
लखनऊ। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर एवं डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता को फेडरेशन ऑफ एशियन ऑर्गेनाइजेशन्स फॉर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी (Federation of Asian Organizations for Radiation Oncology – FARO) की पब्लिक रिलेशंस कमेटी (Public Relations Committee) का सदस्य नामित किया गया है।
अधीक्षक डॉ वरुण विजय द्वारा जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए बताया कि यह संस्थान के लिए अत्यंत गर्व एवं सम्मान का विषय है कि इस प्रतिष्ठित समिति में भारत से केवल दो विशेषज्ञों को सदस्य के रूप में चुना गया है। इनमें संस्थान से डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता तथा एम्स AIIMS भोपाल से डॉ. सैकत दास शामिल हैं।
फेडरेशन ऑफ एशियन ऑर्गेनाइजेशन्स फॉर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी एशिया के विभिन्न देशों जैसे भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया, फिलीपींस, श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान एवं वियतनाम सहित अनेक देशों के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों का एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगठन है। यह रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में अनुसंधान, शिक्षा, वैज्ञानिक सहयोग एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से न केवल कल्याण सिंह कैंसर संस्थान, बल्कि उत्तर प्रदेश और देश के चिकित्सा जगत का भी गौरव बढ़ा है। संस्थान के निदेशक, प्रो. एम.एल.बी.भट्ट सहित सभी चिकित्सकों एवं समस्त कर्मचारियों ने डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times