-मराठी समाज ने रक्तदान कर मनाया राम नाइक का जन्म दिवस

सेहत टाइम्स
लखनऊ। पूर्व राज्यपाल पद्मभूषण राम नाईक के 92वें जन्मदिवस के शुभ अवसर पर मराठी समाज उत्तर प्रदेश की ओर से आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर लखनऊ में रक्तदान का आयोजन किया गया, जिसमें लखनऊ के मराठी समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
सभी को रक्तदान का प्रमाणपत्र मुख्य अतिथि केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के हेड प्रो सूर्यकांत द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ सूर्य कान्त ने बताया कि हमारे शरीर में 5 लीटर रक्त होता है और जब कोई रक्तदान करता है तो उसका केवल 350 मिली अर्थात आधा लीटर से भी कम रक्त लिया जाता है। रक्तदान में दिया गया यह रक्त एक सप्ताह के अंदर बन जाता है, जो कि ताज़ा और स्फूर्तिवान होता है।
डॉ सूर्य कान्त ने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों को बहुत गलतफहमी और अंधविश्वास है कि रक्तदान करने से कमजोरी आ जाती है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है बल्कि नया रक्त बनने से ताकत और स्टैमिना बढ़ता है।
सांस्कृतिक गौरव संस्थान और धन्वंतरि सेवा संस्था जैसी समाजसेवी संस्थाओं के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ सूर्य कान्त ने बताया कि वर्ष 1993 से 1995 तक जब वे उत्तर प्रदेश जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष थे, तब प्रतिवर्ष 12 जनवरी विवेकानंद जयंती से 23 जनवरी, सुभाष जयंती तक मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर्स, मेडिकल छात्र व अन्य छात्र नियमित रक्तदान करते थे, साथ ही रोगियों के परिजनों व अन्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करते थे। डॉ सूर्य कान्त ने सभी से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान ही महादान है।
अवधेन्द्र पांडे ने सभी रक्तदाताओं का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। मराठी समाज संगठन ने भी सबका धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मराठी समाज के अध्यक्ष उमेश पाटिल, उपाध्यक्ष दिनेश जोशी व संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। रक्तदान करने वाले 22 लोगों में शीतल विजय शिंदे, सुप्रिया सचिन, प्रज्ञा सिंह, शशिकांत कदम, विजय शिंदे, अभिषेक कुमार, सागर जाधव, मनीष कुमार, दिनेश जोशी, विष्णु चव्हाण, सुमित श्रीवास्तव, शिवाजी मोहिते, किरण भगत, शेख अल्ताब, कुलदीप कुमार, मोहन, करण, अभिषेक तिवारी, अनुपम सिंह, विक्रम पाटील, सुमित, किशन डिसले शामिल रहे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times