Monday , February 23 2026

जरूरतमंद के द्वार पर पहुंच कर सेवा देना पुनीत कार्य

-नव वर्ष चेतना समिति और मानसरोवर आई फाउडेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर

सेहत टाइम्स

लखनऊ। नव वर्ष चेतना समिति एवं मानसरोवर आई फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 22 फरवरी को यहां मडि़यांव थाने के पीछे नौबस्ता, गायत्री नगर, रामलीला ग्राउंड के पास स्थित सम्राट विक्रमादित्य भवन में एक नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया गया। प्रात: 10 बजे से 1 बजे तक आयोजित शिविर में 82 लोगों की दृष्टि जांच के बाद नेत्र रोग विशेषज्ञों ने परीक्षण कर परामर्श एवं दवाएं प्रदान कीं।

इस कार्यक्रम का आयोजन नव वर्ष चेतना समिति के उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया की प्रेरणा और उनके विशेष सहयोग से किया गया। इस  मौके पर नववर्ष चेतना समिति के अध्यक्ष डॉ गिरीश गुप्ता ने कहा कि स्वर्गीय पद्मश्री डॉ एससी राय की प्रेरणा से मुख्य रूप से भारतीय नववर्ष मनाने के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए स्थापित की गयी समिति जरूरतमंदों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का भी आयोजन करती है। इसी कड़ी में आज का नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर के आयोजन में अपनी सेवाएं देने के लिए मानसरोवर आई फाउंडेशन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जरूरतमंद के द्वार पहुंचकर उसको सेवाएं प्रदान करना नर सेवा नारायण सेवा जैसा है। उन्होंने कहा कि डॉ सारंग हंसराज और उनकी पूरी टीम ने जिस सेवा भावना के साथ इस क्षेत्र में आकर शिविर आयोेजन में अपनी सहभागिता दिखायी है, वह प्रशंसनीय है, इसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने तथा समिति की संरक्षक रेखा त्रिपाठी ने डॉ सारंग हंसराज और डॉ तथागत दास को विशेष पट्टिका और रुद्राक्ष की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

 

इस मौके पर नव वर्ष चेतना समिति के उपाध्यक्ष, रोटरी क्लब ऑफ इलीट लखनऊ के संस्थापक रो. अजय सक्सेना ने शिविर में आयी पूरी टीम का उपहार के साथ सम्मान किया। उन्होंने कहा कि मेरा सुझाव है कि यदि कुछ अंतराल पर इसी प्रकार नियमित रूप से टीम आकर नेत्र शिविर में क्षेत्रीय निवासियों को अपनी सेवाएं दे तो काफी लोगों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। डॉ सारंग हंसराज ने अपने सम्बोधन में कहा कि मानसरोवर आई हॉस्पिटल की स्थापना 1930 में हुई थी तथा यह सर्वाधिक पुराना आंखों का अस्पताल है। ज्ञात हो डॉ सारंग हंसराज परिवार की चौथी पीढ़ी के चिकित्सक हैं। उन्होंने बताया कि मानसरोवर आई फाउंडेशन प्रत्येक वर्ष इस तरह के चार-पांच शिविरों का आयोजन करता है। डॉ सारंग के नेतृत्व में शिविर में भाग लेने आयी टीम में डॉ तथागत के साथ ही ऑप्टोमेट्रिस्ट पूर्णिमा, शगुफ्ता, विपिन, नर्स सोनी, काउंसलर सुजीत, कमलेश योगेन्द्र के साथ ही अविनाश, आकाश और रवि शामिल थे।

 

शिविर के संयोजक श्याम किशोर त्रिपाठी व एडवोकेट सत्य पाठक ने शिविर में आये लोगों को धन्यवाद देते हुए इसके सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। इस मौके पर नववर्ष चेतना समिति की संरक्षक रेखा त्रिपाठी, अध्यक्ष डॉ गिरीश गुप्ता के साथ ही उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, सचिव डॉ सुनील कुमार अग्रवाल, अजय सक्सेना, मदन लाल अग्रवाल, डॉ संजय साहू, गोपाल जी, राघवेंद्र तथा अन्य लोग भी उपस्थित रहे।