-सीडीआरआई और आरएमएलआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ दंत स्वास्थ्य जागरूकता एवं मुख कैंसर जांच शिविर

सेहत टाइम्स
लखनऊ। राष्ट्रीय दंत चिकित्सक दिवस और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), लखनऊ के दंत चिकित्सा विभाग द्वारा RMLIMS तथा सीएसआईआर–केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (CDRI), लखनऊ में दंत स्वास्थ्य जागरूकता एवं मुख कैंसर जांच शिविर तथा पोस्टर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
आरएमएलआई द्वारा यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि यह कार्यक्रम संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सी.एम. सिंह, डीन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। RMLIMS के निदेशक प्रो. डॉ. सी.एम. सिंह ने विभाग द्वारा किए जा रहे सामुदायिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों में मुख स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मुख कैंसर की प्रारंभिक पहचान को प्रोत्साहित करना और दंत रोगों की रोकथाम के महत्व को समझाना है।

सीएसआईआर–सीडीआरआई की निदेशक डॉ. राधा रंगराजन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला दिवस के अवसर पर इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं और परिवारों को अपने स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करते हैं।
आरएमएलआई के दंत विभाग की हेड प्रो. डॉ. शेली महाजन ने कहा कि जागरूकता और समय पर जांच गंभीर मुख रोगों, विशेषकर मुख कैंसर की रोकथाम में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डॉ. शुभा शुक्ला, डिवीजन ऑफ न्यूरोसाइंस एंड एजिंग बायोलॉजी, सीएसआईआर–सीडीआरआई ने निवारक देखभाल के महत्व पर जोर दिया, जबकि डॉ. पद्मनिधि अग्रवाल, डॉ. स्वेता मेहता और डॉ. स्मिथ यादव ने बताया कि सही तरीके से ब्रश करना और तंबाकू से दूरी जैसे सरल उपाय मौखिक स्वास्थ्य को काफी बेहतर बना सकते हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दंत चिकित्सकों की टीम ने मुख जांच की, पोस्टरों के माध्यम से जागरूकता फैलायी और प्रतिभागियों को अच्छे मौखिक स्वास्थ्य के लिए परामर्श दिया। इस पहल को सभी ने सराहा और इस विशेष अवसर पर, विशेष रूप से महिलाओं के लिए, स्वस्थ मुस्कान और निवारक स्वास्थ्य देखभाल का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित किया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times