-कल्याण सिंह कैंसर सुपरस्पेशियलिटी संस्थान में धूमधाम से मना संविधान दिवस

सेहत टाइम्स
लखनऊ। संविधान हमारा सबसे पवित्र ग्रंथ है। यह जीवंत और प्रगतिशील दस्तावेज है। संविधान हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों की आधारशिला है। यह हमें अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों एवं अधिकारों के प्रति और अधिक दृढ़ व जागृत करता है। यह बातें कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. आरके धीमन ने कही।
कैंसर संस्थान में मंगलवार को धूमधाम से संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवाशीष शुक्ला समेत अन्य डॉक्टरों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की चित्र पर पुष्प अर्पित किए। निदेशक डॉ. आरके धीमन ने कहा कि भारत में लोकतंत्र का उदय संविधान से ही हुआ है। संविधान के वास्तुकार भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर हैं। बाबा साहब और सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मेहनत और बलिदान ने हमें यह महान संविधान दिया है। जो आज भी हमारे अधिकारों और कर्तव्यों की रक्षा करता है। उनके योगदान को हमेशा याद रखेंगे।
संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने कहा कि कार्यपालिका, न्यायपालिका और विधायिका संविधान की भावनाओं के अनुसार लोगों की भलाई के लिए मिलकर काम करें, ताकि आमजन को समान रूप से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। संविधान में सबको बराबर का अधिकार दिया गया है, चाहे वो किसी भी धर्म के हों। इस मौके पर निदेशक ने डॉक्टर व कर्मचारियों को राष्ट्र की अखंडता और एकता की शपथ दिलाई गयी।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times