Monday , August 31 2026

जन स्वास्थ्य, चिकित्सा नैतिकता और सामुदायिक कल्याण के प्रति आईएमए का योगदान सराहनीय

 

 

-झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने IMACON-UP 2025 में व्यक्त किए विचार
-अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल सहित IMA उत्तर प्रदेश की नई टीम को डॉ.शरद अग्रवाल ने दिलाई शपथ

सेहत टाइम्स 

लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का वार्षिक राज्य सम्मेलन, IMACON-UP 2025, नवनिर्वाचित IMA उत्तर प्रदेश राज्य पदाधिकारियों के पुरस्कार और पदस्थापन समारोह के साथ, 29-30 नवंबर को बरेली में भव्य और गरिमामय तरीके से आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम IMA बरेली द्वारा आयोजित किया गया था और इसमें राज्य भर से विशिष्ट अतिथि, चिकित्सा नेता और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

सम्मेलन में झारखंड के राज्यपाल, संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य, चिकित्सा नैतिकता और सामुदायिक कल्याण के प्रति इंडियन मेडिकल एसोसिएशन IMA का योगदान सराहनीय है।

समारोह का एक आकर्षण सत्र 2025-26 के लिए नवनिर्वाचित IMA उत्तर प्रदेश राज्य टीम का पदस्थापन था, जिसका नेतृत्व गाजियाबाद से आये इस वर्ष के प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी संभालने वाले डॉ. राजीव गोयल ने किया।

आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के संरक्षक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शरद कुमार अग्रवाल ने सभी नये पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और एसोसिएशन को आगे बढ़ाने की ज़िम्मेदारी संभालने के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। डॉ. शरद ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पी. के. अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रबीश अग्रवाल को भी बधाई दी।

इस चुनाव प्रक्रिया की एक उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि समस्त प्रदेश पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चुनाव हुआ, जो आईएमए उत्तर प्रदेश के वर्तमान नेतृत्व और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, डॉ. एस. पी. एस. चौहान, डॉ. एम. के. बंसल, डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. एम. एम. पालीवाल, डॉ. विनीत कुमार, डॉ. आर. के. गुप्ता, डॉ. अनिल श्रीवास्तव के प्रयासों से आईएमए उत्तर प्रदेश में व्याप्त सामूहिक भावना, एकता और सामंजस्यपूर्ण समन्वय को दर्शाता है।