Thursday , November 26 2026

चिकित्साधिकारियों की सेवा नियमावली, पदोन्नति और एसएसीपी पर अहम निर्देश

-प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में आयोजित हुई प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की बैठक

सेहत टाइम्स

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने चिकित्सकों के लंबित मुद्दों सेवा नियमावली-2000 में संशोधन, पदोन्नति के लिए डीपीसी और एसएसीपी पर अहम निर्देश दिये हैं। प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की अध्यक्षता में आज गुरुवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएस) की एक महत्वपूर्ण बैठक में चिकित्साधिकारियों की लंबित मांगों और सेवा संबंधी समस्याओं पर सकारात्मक चर्चा के बाद ये अहम निर्देश जारी किए गए।

प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, लखनऊ शाखा के सचिव डॉ. रूपेंद्र कुमार ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह ने बैठक के दौरान चिकित्साधिकारियों के हितों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को मजबूती से रखा।

इस पर संज्ञान लेते हुए प्रमुख सचिव द्वारा वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप सेवा नियमावली-2000 में आवश्यक परिवर्तन करने के निर्देश दिए गये। उन्होंने पदोन्नति (DPC) की प्रक्रिया को गति देने के लिए महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को प्रत्येक लेवल की डीपीसी से संबंधित सभी पत्रावलियां सोमवार, 30 नवंबर तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रमुख सचिव ने महानिदेशक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को निर्देशित किया कि समस्त लंबित एसएसीपी से संबंधित पत्रावलियां 10 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाएं।

संघ ने बैठक को अत्यंत सकारात्मक एवं सार्थक बताते हुए उम्मीद जताई है कि इन निर्णयों से प्रदेश के चिकित्साधिकारियों को शीघ्र ही लाभ मिलेगा।