-21 से 24 नवम्बर तक सीमावर्ती जिलों के 300 गांवों में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं देंगे एनएमओ के चिकित्सक

सेहत टाइम्स
लखनऊ। श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास एवं नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (NMO)- अवध, गोरक्ष, ब्रज व काशी प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में “श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा” के सातवें संस्करण का आयोजन आगामी 21 से 24 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष यात्रा का दायरा बढ़ाते हुए ब्रज प्रांत के पीलीभीत के साथ-साथ काशी प्रांत के जनजातीय बहुल सोनभद्र जनपद को भी जोड़ा गया है। उत्तर प्रदेश के 8 सीमावर्ती व जनजातीय जिलों (पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज एवं सोनभद्र) के लगभग 300 दुर्गम गांवों में यह महाअभियान चलाया जाएगा।
यह जानकारी नेशनल मेडिको ऑर्गेनाइजेशन अवध प्रांत के संरक्षण प्रो एमएलबी भट्ट ने 19 नवम्बर को यहां विश्व संवाद केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में देते हुए बताया कि महायोगी गुरु गोरखनाथ की प्रेरणा और “अंतिम व्यक्ति तक सेवा” के संकल्प को साकार करते हुए प्रत्येक वर्ष यह आयोजन किया जाता है।
प्रो भट्ट ने यात्रा के मुख्य आकर्षण के बारे में बताया कि देश भर के 150 प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े 1,500 विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। 3 लाख से अधिक जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क परामर्श, जांच और दवाइयां उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि थारू व अन्य जनजातियों में आनुवंशिक रक्त संबंधी बीमारियों (सिकल सेल एनीमिया, थैलेसीमिया) की विशेष जांच और माहवारी स्वच्छता (Menstrual Hygiene) पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
पत्रकार वार्ता में प्रो भट्ट के साथ ही एनएमओ अवध प्रान्त अध्यक्ष डॉ संदीप तिवारी, प्रांत प्रवास प्रमुख डॉ संजय भट्ट और प्रान्त सचिव डॉ शिवम मिश्रा ने भी चार दिवसीय कार्यक्रम के लिए सभी स्थानीय प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया से इस पुनीत मानव-सेवा अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times