-गुणवत्तायुक्त चिकित्सा सेवाओं के लिए विभिन्न विशेषज्ञों के बीच समन्वय स्थापित करना है SCOPE का उद्देश्य

सेहत टाइम्स
लखनऊ। स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान में बहुविषयक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में सोसाइटी फॉर क्लीनिकल, ऑन्कोलॉजी एंड पैथोलॉजी एजुकेशन फॉर एक्सीलेंस इन हेल्थकेयर (SCOPE) का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संस्था की आधिकारिक वेबसाइट www.scopehce.com तथा आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन की वेबसाइट https://biennial.scopehce.com का भी लोकार्पण किया गया।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह ने डीन प्रो. (डॉ.) प्रद्युम्न सिंह की उपस्थिति में निदेशक बोर्ड कक्ष में SCOPE का लोगो एवं वेबसाइट का अनावरण किया। समारोह में पैथोलॉजी विभाग के संकाय सदस्यों तथा संस्था के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एसोसिएशन ऑफ बोन एंड सॉफ्ट टिश्यू पैथोलॉजिस्ट्स (ABSTP) के द्वितीय द्विवार्षिक सीएमई एवं कार्यशाला (2nd Biennial CME & Workshop) की भी घोषणा की गई। यह सम्मेलन SCOPE के सहयोग से आयोजित होने वाला पहला प्रमुख शैक्षणिक कार्यक्रम होगा, जिसका आयोजन पैथोलॉजी विभाग द्वारा किया जाएगा। सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ बोन एवं सॉफ्ट टिश्यू पैथोलॉजी विषय पर व्याख्यान देंगे तथा वैज्ञानिक सत्र, बहुविषयक केस चर्चा एवं हैंड्स-ऑन कार्यशालाएँ आयोजित की जाएँगी।
बहुविषयक सहयोग समय की आवश्यकता
समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विभिन्न विशेषज्ञताओं के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि SCOPE चिकित्सा शिक्षा, सतत चिकित्सा प्रशिक्षण, सहयोगात्मक अनुसंधान एवं वैज्ञानिक संवाद का एक प्रभावी राष्ट्रीय मंच बनेगा और संस्थान की अकादमिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।
ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
SCOPE के अध्यक्ष एवं संस्थान के डीन प्रो. (डॉ.) प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं को एक साझा मंच पर लाकर शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं साक्ष्य-आधारित चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि संस्था नियमित रूप से वैज्ञानिक सम्मेलन, सीएमई, कार्यशालाएँ तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगी।
युवा चिकित्सकों को मिलेगा अवसर
उपाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) भुवन चन्द्र तिवारी ने कहा कि SCOPE केवल एक शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि बहुविषयक चिकित्सा सहयोग को सशक्त बनाने वाला अभियान है, जो स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उपाध्यक्ष डॉ. अंशुमान पाण्डेय ने कहा कि संस्था के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच संवाद, अकादमिक नेटवर्किंग, शैक्षणिक सामग्री एवं वैज्ञानिक जानकारी का प्रभावी आदान-प्रदान संभव होगा।
वैज्ञानिक सचिव डॉ. सुब्रत चन्द्र तथा महासचिव डॉ. दिनकर कुलश्रेष्ठ एवं डॉ. आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले सीएमई, कार्यशालाएँ, ट्यूमर बोर्ड, सम्मेलन एवं संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना है, जिससे विशेष रूप से युवा चिकित्सकों, रेजिडेंट्स एवं शोधकर्ताओं को लाभ मिलेगा।
कोषाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अनुराग गुप्ता ने कहा कि संस्था पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए शिक्षा एवं अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देगी।
ये हैं SCOPE के पदाधिकारी
•अध्यक्ष – प्रो. (डॉ.) प्रद्युम्न सिंह
•उपाध्यक्ष – प्रो. (डॉ.) भुवन चन्द्र तिवारी
•उपाध्यक्ष – डॉ. अंशुमान पाण्डेय
•वैज्ञानिक सचिव – डॉ. सुब्रत चन्द्र
•महासचिव – डॉ. दिनकर कुलश्रेष्ठ
•महासचिव – डॉ. आलोक श्रीवास्तव
•कोषाध्यक्ष – प्रो. (डॉ.) अनुराग गुप्ता
•संयुक्त सचिव – डॉ. सुमीत नारायण
कार्यकारिणी सदस्य: डॉ. विकास शर्मा एवं डॉ. सक्षम सिंह
चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा नया आयाम
कार्यक्रम के अंत में संस्था की भावी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि SCOPE चिकित्सा शिक्षा, बहुविषयक अनुसंधान, नवाचार एवं साक्ष्य-आधारित चिकित्सा को नई गति प्रदान करेगा तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ को राष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के अग्रणी संस्थानों में और अधिक सशक्त बनाएगा।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times