-जापान में विकसित इस वैक्सीन की तीन महीने के अंतराल पर दी जायेंगी दो डोज

सेहत टाइम्स
लखनऊ। भारत ने डेंगू की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपनी पहली डेंगू वैक्सीन QDENGA को मंजूरी दे दी है। यह वैक्सीन जापान की फार्मास्यूटिकल कंपनी Takeda की ओर से विकसित की गयी है। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने टाकेडा बायोफार्मास्यूटिकल्स इंडिया की इस वैक्सीन को बाजार में उतारने की अनुमति दी है। यह वैक्सीन 4 से 60 वर्ष की आयु के लोगों को लगायी जा सकती है। इसकी दो डोज तीन महीने के अंतराल पर लगाई जाएंगी।
बताया गया है कि इस वैक्सीन की खास बात यह है कि इसे निर्धारित आयु वाले सभी लोगों को लगाया जा सकता है, इसके लिए यह जांच करने की आवश्यकता नहीं है कि व्यक्ति को पूर्व में कभी डेंगू से संक्रमित हुआ है या नहीं। कम्पनी की ओर से बताया गया है कि QDENGA वैक्सीन को वर्ष 2022 से अब तक 43 देशों में मंजूरी मिल चुकी है और दुनिया भर में इसकी 3.2 करोड़ (32 मिलियन) से अधिक खुराकें वितरित की जा चुकी हैं।
कंपनी के अनुसार वैक्सीन को मंजूरी 19 वैश्विक क्लीनिकल ट्रायल के आंकड़ों के आधार पर दी गई है। इन परीक्षणों के फेज-1, फेज-2 और फेज-3 में 28,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा भारत में हुए फेज-3 DEN-302 क्लीनिकल ट्रायल के आंकड़ों को भी मंजूरी प्रक्रिया में शामिल किया गया। यह वैक्सीन डेंगू के चारों वायरस स्ट्रेन (DENV-1, 2, 3 और 4) से सुरक्षा देती है. इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यह डेंगू वायरस के चारों प्रकार (सीरोटाइप) से सुरक्षा दे सके।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times