-अस्तित्व फाउंडेशन के सहयोग से खुला क्लीनिक, बांटे प्रेशर स्टॉकिंग्स और ब्रेस्ट प्रोस्थेसिस

सेहत टाइम्स
लखनऊ। यहां स्थित कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग ने ‘अस्तित्व फाउंडेशन’ के साथ मिलकर लिम्फेडेमा (lymphedema) से बचाव और इलाज के लिए एक मुफ़्त क्लीनिक शुरू किया है। इस OPD का उद्घाटन संस्थान के डायरेक्टर प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने किया। ज्ञात हो लिम्फेडेमा एक दीर्घकालिक बीमारी है, इस बीमारी में शरीर के ऊतकों में ‘लिम्फ’ (लसीका) द्रव जमा हो जाता है, जिससे सूजन आ जाती है।
8 जुलाई को शुरू हुई इस OPD में लिम्फेडेमा से पीड़ित ब्रेस्ट कैंसर के 30 से ज़्यादा मरीज़ों का रजिस्ट्रेशन और इलाज किया गया। अस्तित्व फाउंडेशन की ओर से उन सभी को प्रेशर स्टॉकिंग्स और ब्रेस्ट प्रोस्थेसिस मुफ़्त में दिए गए। संस्थान के डायरेक्टर प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने बताया कि यह क्लिनिक उन सभी मरीज़ों को वर्ल्ड-क्लास सेवा देने में बहुत मददगार साबित होगा, जो कैंसर सर्जरी के बाद लिम्फेडेमा से जूझ रहे हैं या जिन्हें इसके होने का ख़तरा है। इस क्लिनिक का मुख्य मकसद मरीज़ों को लिम्फेडेमा और उससे बचाव के तरीकों, शुरुआती पहचान और इलाज के बारे में जानकारी देना है, साथ ही उन्हें मुफ़्त स्टॉकिंग्स और ब्रेस्ट प्रोस्थेसिस उपलब्ध कराना है।
इस मौके पर अस्तित्व फाउंडेशन की डायरेक्टर डॉ. सीमा सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. वरुण विजय, डीन डॉ. प्रमोद गुप्ता और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के डॉक्टर – डॉ. अंकुर वर्मा, डॉ. दुर्गेश कुमार और डॉ. अशोक कुमार सिंह भी मौजूद थे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times