Sunday , February 8 2026

समाज एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है मातृ शक्ति

-विश्वमांगल्य सभा ने आयोजित किया “मातृ संस्कार समागम”

सेहत टाइम्स

लखनऊ/अयोध्या। विश्वमांगल्य सभा द्वारा आयोजित “मातृ संस्कार समागम” का गरिमामय आयोजन आज अयोध्या में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ शक्ति का सम्मान, महिला सशक्तिकरण तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अश्वगंधा एवं Ixoreal से जुड़ी प्रख्यात समाजसेवी भगवती देवी बलदवा ने की। उन्होंने मातृ शक्ति को समाज एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए संस्कारित परिवार और सशक्त समाज की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर केजीएमयू की कुलपति प्रो सोनिया नित्यानंद को सप्तमात्रिका सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही विनीता मिश्रा, मीरा सिंघल, वर्षा वर्मा, डॉ लक्ष्मी गौतम, तूलिका श्रीवास्तव एवं ज्योति किरण को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

अपने वक्तव्य में कुलपति ने कहा कि भारतीय संस्कृति में माँ को प्रथम गुरु माना गया है, जो आने वाली पीढ़ियों को संस्कार, संवेदना और जिम्मेदारी का मार्ग दिखाती है। उन्होंने मातृ स्वास्थ्य, महिला शिक्षा एवं नेतृत्व को सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि जब मातृ शक्ति मजबूत होती है, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर होते हैं।

कार्यक्रम में मार्गदर्शन सत्र, सांस्कृतिक गतिविधियाँ एवं भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित विशेष प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।