-पूर्व भाजपा विधायक को डायबिटिक किडनी रोग के साथ यूरेमिक एन्सिफेलोपैथी के कारण कराया गया था भर्ती

सेहत टाइम्स
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक विन्ध्यवासिनी कुमार की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है, जल्दी ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जायेगी। डायबिटिक किडनी रोग (Diabetic Kidney Disease) के साथ यूरेमिक एन्सिफेलोपैथी (Uremic Encephalopathy) की स्थिति में उन्हें बीती 5 जुलाई को केजीएमयू में भर्ती किया गया था।
‘सेहत टाइम्स’ ने मेडिसिन विभाग के भर्ती विन्ध्यवासिनी कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने हालचाल के बारे में बहुत धीमी आवाज में उत्तर दिया। उनके साथ तीमारदारी के लिए मौजूद उनकी बेटी जयति श्रीवास्तव ने बताया कि जिस हालत में उन्हें भर्ती कराया गया था, उसे देखते हुए अब उनकी स्थिति बहुत बेहतर है। इस बारे में चिकित्सकों ने बताया कि विन्ध्यवासिनी कुमार के भर्ती होने पर स्थिति गंभीर होने के कारण एक दिन पश्चात् उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। तत्पश्चात चार सत्र डायलिसिस के उपरांत सातवें दिन उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया। वर्तमान में उनकी स्थिति स्थिर एवं सामान्य है। शीघ्र ही उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकेगा।
चिकित्सकों का कहना है यह बताते हुए अत्यन्त संतुष्टि की अनुभूति हो रही है कि कुलपति प्रो सोनिया नित्यानंद के मार्गदर्शन में मेडिसिन विभागाध्यक्ष, डीन प्रो वीरेन्द्र आतम, आईसीयू इंचार्ज प्रो डी हिमांशु और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ सतीश कुमार की देखरेख में हुए विन्ध्यवासिनी कुमार के उपचार में सम्पूर्ण स्वास्थ्य टीम ने अत्यंत समर्पण, मेहनत और ईमानदारी के साथ पूर्ण सफल भूमिका निभाई है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times