लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय केजीएमयू को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद नैक द्वारा ‘ए’ ग्रेड का प्रमाणपत्र प्राप्त किया गया है। यह प्रमाणन पांच वर्ष के लिए मान्य है।
फैकल्टी इंचार्ज, मीडियासेल चिकित्सा संकाय प्रो नरसिंह वर्मा एवं फैकल्टी इंचार्ज, मीडिया सेल दंत संकाय प्रो विभा सिंह द्वारा उपरोक्त जानकारी देते हुए कहा गया है कि चिकित्सा विश्वविद्यालय को यह प्रमाणपत्र केजीएमयू प्रशासन, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम से प्राप्त हुआ है। पाठ्यक्रम में सुधार, विभिन्न संकायों का विकास, छात्र उन्मुख शिक्षा, मरीजों की सेवाओं का विस्तार और रोगी देखभाल,विभिन्न विशिष्टताओं और बुनियादी ढ़ांचा, अनुसंधान-नवाचार और विस्तारित गतिविधियों में उपलब्धियां, सामाजिक आउटरिच प्रोग्राम पर विशेष जोर देने के साथ-साथ अन्य गतिविधियों ने इसमें विशेष योगदान दिया है।
केजीएमयू नैकटीम की समन्वयक प्रो. दिव्या मेहरोत्रा ने बताया कि यह प्रमाणपत्र 1 मई 2022 तक मान्य होगा। मूल्यांकन एवं प्रत्यायन को मूलत: किसी भी शैक्षिक संस्था की गुणवत्ता की स्थिति को समझने के लिए प्रयोग किया जाता है। वास्तव में यह मूल्यांकन यह निर्धारित करता है कि कोई भी शैक्षिक संस्था या विश्वविद्यालय प्रमाणन एजेंसी के द्वारा निर्धारित गुणवत्ता के मानकों को किस स्तर तक पूरा कर रहा है। गुणवत्ता का मानदंड निर्धारित करने के लिए शैक्षिक प्रक्रियाओं में संस्था का प्रदर्शन, पाठ्यक्रम चयन एवं कार्यान्वयन, शिक्षण अधिगमन एवं मूल्यांकन तथा छात्रों के परिणाम, संकाय सदस्यों का अनुसंधान कार्य एवं प्रकाशन, बुनियादी सुविधाएं तथा संसाधनों की स्थिति, संगठन प्रशासन व्यवस्था, आर्थिक स्थिति तथा उपलब्ध छात्र सुविधाओं को ध्यान में रखाजाताहै।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times